Skip to main content

The Poetic Land

TYPE AT LEAST 3 CHARACTERS TO SEARCH...
⏳ 2 min read • 🗣️ Hindi

बस मुझे भूल न जाना

By Zeba Mariyam Khan

A single fresh red rose lying on dark grave earth under soft evening sky

THE HOOK: जब मुझे दफ़न कर के सब वापस लौट जाएँ, तब तुम थोड़ी देर और रुक जाना। तुम्हें तो मालूम है ना मुझे अँधेरे से कितनी डर लगती है। तुम्हें मालूम है ना मैं कितना घबरा जाऊँगी। थोड़ा देर ही सही पर कुछ वक़्त के लिए तुम मेरे पास…

जब मुझे दफ़न कर के सब वापस लौट जाएँ, तब तुम थोड़ी देर और रुक जाना। तुम्हें तो मालूम है ना मुझे अँधेरे से कितनी डर लगती है। तुम्हें मालूम है ना मैं कितना घबरा जाऊँगी। थोड़ा देर ही सही पर कुछ वक़्त के लिए तुम मेरे पास रहना। तुम्हारी मौजूदगी के एहसास होने पर शायद मुझे इतनी डर ना लगे। फिर मेरी पहली रात की बख़्शिश की दुआएँ करते रहना। हो सके तो एक लाल रंग का गुलाब मेरी क़ब्र पर रखके जाना।

तुम्हें तो मालूम है ना मुझे लाल गुलाब कितने पसंद हैं। बस एक आख़िरी चीज़ माँगी है, पूरा तो कर पाओगे ना। मेरे दिए हुए तोहफ़ों का इस्तेमाल ज़रूर करना, मेरी ख़ुशबू भी होंगी उनमें। बस उसी से मुझे याद करते रहना। अपने दिल को उदास ना होने देना। मैं आऊँगी ख़्वाबों में पहले की तरह, बस अब पहले की तरह हक़ीक़त में आकर तुम अगले दिन मुझे बता नहीं पाओगे कि तुमने मुझे अपने ख़्वाब में देखा।

कभी-कभी मेरी चीज़ों को भी देख लेना। मेरी किताबों को देख लेना। तुम्हें तो पता है ना मेरा एक भी दिन बिना उन किताबों के पन्ने को पलटे नहीं गुज़रता था। तुम तो जानते हो ना मुझे उनकी ख़ुशबू कितनी पसंद थी। उनमें रखे फूलों को भी देख लेना। यक़ीनन मुरझा गए होंगे। याद है ये वही फूल हैं जो तुमने दिए थे।

ये वही फूल हैं जिन्हें मैं बालों में अपने कान के पीछे लगा कर घूमा करती थी और तुम दूर खड़े होकर मुझे देख मुस्कुराया करते थे। उन्हीं किताबों में कुछ किताबें और होंगी जिन्हें मैंने ख़ुद लिखी हैं तुम्हारे लिए। मुझे पता है तुम्हे लिखने या पढ़ने का शौक़ नहीं था कभी फिर भी तुमने मेरी ख़ातिर वो सब किया जो मुझे पसंद था। बस एक बार ये वाली किताब पढ़ लेना। जहाँ मैंने वो सब कुछ लिखा होगा जो मुझे तुमसे कहना था पर मैं अपनी ज़िंदगी में कह ना सकी।

अब जब मैं वहाँ नहीं हूँ तो ज़्यादा मायूस नहीं होना। मेरी कमी अगर महसूस हुई भी तो भी नहीं भूलना कि मैं हमेशा तुम्हारे क़रीब हूँ। तुम ही बताओ दिल में रहने वाले कहीं जाते हैं क्या। मुझे याद करते रहना क्योंकि मुझे बुरा लगेगा अगर तुम मुझे भूल गए। मेरी हर छोटी-छोटी बात पर रोने की आदत से भी तुम वाक़िफ़ हो ना। अब मैं वहाँ हूँ भी नहीं, तुम मुझे क्या ही रुलाओगे।

बस मेरी आख़िरी ख़्वाहिश पूरी कर देना जाते-जाते। मेरी तस्वीर को रख लेना अपने दिल के क़रीब। अब तस्वीर ही सही पर देखते रहना कभी-कभी जैसे रोज़ देखा करते थे। अपने दिल में मेरी जगह किसी को ना देना। और जब भी कहीं जाओ मेरी क़ब्र पर होते जाना और हो सके तो उन मुरझाए गुलाब को हटा कर एक नया गुलाब रखते जाना। बस मुझे भूल न जाना।

Author Image

About the Author

Zeba Mariyam Khan is a writer who turns little moments into lasting words about growing up, loss, self-discovery, and memory, while teaching and learning.

📍 Uttar Pradesh, India

कहानी पसंद आई हो तो प्यार दीजिए

Facebook
X
LinkedIn
WhatsApp
Threads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *