Skip to main content

The Poetic Land

TYPE AT LEAST 3 CHARACTERS TO SEARCH...
⏳ 18 min read • 🗣️ English

मेरे हिस्से की आजादी

By Satendra

a chair with a shawl and a diary on the floor

THE HOOK: मेरे हिस्से की आज़ादी (सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक काल्पनिक कहानी) उत्तर प्रदेश के एक छोटे-से गाँव में सावन के की हल्की बारिश के बीच जब आरव का जन्म हुआ, तो पूरे घर में खुशी का माहौल था। दादी ने मंदिर में प्रसाद चढ़ाया…

मेरे हिस्से की आज़ादी
(सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक काल्पनिक कहानी)

उत्तर प्रदेश के एक छोटे-से गाँव में सावन के की हल्की बारिश के बीच जब आरव का जन्म हुआ, तो पूरे घर में खुशी का माहौल था। दादी ने मंदिर में प्रसाद चढ़ाया, पिता ने पूरे मोहल्ले में मिठाई बाँटी और माँ ने उसे सीने से लगाकर बस एक ही दुआ माँगी—"मेरा बच्चा हमेशा खुश रहे।" उस दिन किसी ने नहीं सोचा था कि उसे एक दिन अपनी सबसे बड़ी लड़ाई किसी और से नहीं, बल्कि अपनी पहचान को समझने और उसे स्वीकार करवाने के लिए लड़नी पड़ेगी।
बचपन में आरव बिल्कुल दूसरे बच्चों जैसा ही था। उसे मिट्टी में खेलना अच्छा लगता था लेकिन जब मोहल्ले के लड़के क्रिकेट खेलने जाते तो उसका मन अक्सर उन लड़कियों के बीच बैठने का करता जो रंग-बिरंगी चूड़ियाँ पहनकर घर-घर खेलती थीं। उसे उनके साथ बैठकर बातें करना अच्छा लगता, उनके हँसने का ढंग अच्छा लगता, उनके कपड़ों के रंग अच्छे लगते। वह समझ नहीं पाता था कि ऐसा क्यों है। उसके लिए यह सब बिल्कुल स्वाभाविक था लेकिन गाँव के लोगों के लिए नहीं। धीरे-धीरे फुसफुसाहटें शुरू हो गईं। कोई कहता— "लड़का होकर लड़कियों जैसा क्यों रहता है?" कोई हँसते हुए उसे अजीब नामों से पुकारता। आरव उन शब्दों का अर्थ नहीं समझता था लेकिन उनके पीछे छिपी नफ़रत को महसूस करने लगा था।
स्कूल की घंटी उसके लिए पढ़ाई का नहीं बल्कि डर का संकेत बन गई थी। सुबह घर से निकलते समय वह माँ की ओर मुस्कुराकर देखता लेकिन स्कूल पहुँचते-पहुँचते उसकी मुस्कान गायब हो जाती। कुछ बच्चे उसके चलने के ढंग का मज़ाक उड़ाते तो कुछ उसकी आवाज़ की नकल करते। कई बार पूरी कक्षा हँसती और वह सिर झुकाकर अपनी कॉपी में कुछ लिखने का नाटक करता ताकि कोई उसकी आँखों में भर आए आँसू न देख पाए। एक दिन एक लड़के ने पूरी कक्षा के सामने कहा— "यह लड़का नहीं है।" पूरी कक्षा ठहाका लगाकर हँस पड़ी। उस दिन पहली बार आरव को लगा कि शायद उसके अंदर सचमुच कुछ ऐसा है जोकि वह बाकी लोगों जैसा नहीं है।
घर लौटकर उसने कई बार आईने के सामने खड़े होकर खुद को देखा। अपने चेहरे को, अपनी आँखों को, अपने शरीर को। उसे अपने चेहरे में कुछ अलग-सा नही लगता लेकिन उसमें कैद एक ऐसी पहचान महसूस होती, जिसे वह शब्दों में बयाँ नहीं कर पाता था। वह अक्सर सोचता, "अगर मैं गलत हूँ, तो मुझे ऐसा बनाया किसने?" इस सवाल का जवाब उसके पास नहीं था।
माँ उसकी चुप्पी समझती थीं लेकिन समाज के डर से कभी खुलकर उसका साथ नहीं दे पाती। पिता को गाँव वालों की बातें सुननी पड़ती थीं। धीरे-धीरे उनका व्यवहार बदलने लगा। उन्होंने आरव को सख्त बनने की सलाह दी, उसे ज़बरदस्ती लड़कों के साथ खेलने भेजा, उसकी हर उस आदत को बदलने की कोशिश की जो उन्हें "अलग" लगती थी। लेकिन इंसान की पहचान डाँट या मार से नहीं बदलती। हर डाँट के बाद आरव और चुप हो जाता। हर थप्पड़ के बाद उसके भीतर का डर थोड़ा और गहरा हो जाता।
समय बीतता गया। अब वह किशोरावस्था में पहुँच चुका था। शरीर बदल रहा था लेकिन मन अब भी उसी सवाल में उलझा हुआ था। उसने किताबों में जवाब ढूँढ़ने शुरू किए। इंटरनेट उसके गाँव में आसानी से उपलब्ध नहीं था लेकिन स्कूल की लाइब्रेरी में जब भी उसे कोई मनोविज्ञान या समाज से जुड़ी किताब मिलती वह घंटों उसे पढ़ता रहता। पहली बार उसे पता चला कि दुनिया में ऐसे बहुत से लोग हैं जो जन्म के समय निर्धारित लिंग से अलग अपनी पहचान महसूस करते हैं। उसने राहत की साँस ली। तब उसे लगा, "मैं अकेला नहीं हूँ।"
बारहवीं के बाद वह शहर के कॉलेज में पढ़ने चला गया। गाँव की तुलना में शहर में थोड़ी आजादी थी, लेकिन पूरी तरह नहीं। यहाँ लोग सीधे ताने कम देते थे पर नज़रों से ही बहुत कुछ कह देते थे। उसी कॉलेज में उसकी मुलाकात आदित्य से हुई। आदित्य उसकी कक्षा का छात्र था। वह हँसमुख था, समझदार था और सबसे बड़ी बात—वह लोगों को उनके व्यवहार से पहचानता था, उनकी पहचान से नहीं। पहली मुलाकात में ही उसने आरव से कहा, "तुम बहुत अच्छा लिखते हो।" शायद आरव के लिए यह पहला अवसर था जब किसी ने उसकी कमजोरी नहीं, उसकी खूबी देखी थी।
धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी होने लगी। वे साथ लाइब्रेरी जाते, कैंटीन में चाय पीते, घंटों जीवन और भविष्य की बातें करते। आदित्य कभी यह जानने की कोशिश नहीं करता कि आरव दूसरों से अलग क्यों है। उसके लिए इतना ही काफी था कि सामने वाला इंसान सच्चा है। यही बात आरव के दिल को छू गई। वर्षों बाद उसे किसी के सामने अभिनय नहीं करना पड़ता था। वह पहली बार अपने आप जैसा महसूस करने लगा था।
एक शाम कॉलेज की छत पर दोनों बैठे डूबते सूरज को देख रहे थे। आदित्य अपने भविष्य के सपने बता रहा था लेकिन आरव उसे देख रहा था। उसे महसूस हुआ कि यह दोस्ती अब केवल दोस्ती नहीं रही। उसके भीतर एक ऐसा प्रेम जन्म ले चुका था जिसे वह चाहकर भी रोक नहीं सकता था। वह जानता था कि यह रास्ता आसान नहीं है। समाज ऐसे प्रेम को कभी स्वीकार नहीं करेगा और शायद आदित्य भी नहीं। लेकिन दिल हमेशा अपने नियमों से चलता है, समाज के नियमों से नहीं।
उस रात आरव बहुत देर तक सो नहीं पाया। उसने अपनी डायरी खोली और लिखा—
"किसी से प्रेम करना आसान है लेकिन अपनी पहचान के साथ प्रेम करना सबसे कठिन है। मुझे डर प्रेम से नहीं, उसे खो देने से लगता है।"
उसे नहीं पता था कि आने वाले दिनों में उसकी यह डायरी ही उसकी सबसे बड़ी गवाह बनने वाली है—उस दर्द की, जिसे वह किसी से कह नहीं पा रहा, उस प्रेम की, जिसे वह पूरी तरह जी नहीं पा रहा, और उस सफ़र की जो उसे उसके अपने घर से बहुत दूर, एक ऐसे शहर की ओर ले जाएगा जहाँ उसे पहली बार अपने जैसे लोग मिलेंगे लेकिन उससे पहले उसे अपनी ज़िंदगी का सबसे कठिन फैसला सुनना बाकी था।
जिस दिन आरव के पिता को उसकी डायरी मिली, उस दिन घर की दीवारों ने शायद पहली बार किसी इंसान की पहचान पर मुकदमा चलते देखा था। डायरी के पन्नों पर लिखे शब्द किसी अपराध की स्वीकारोक्ति नहीं थे, बल्कि एक ऐसे मन की आवाज़ थे जो वर्षों से केवल समझे जाने की उम्मीद कर रहा था। लेकिन उन शब्दों को पढ़ते ही पिता का चेहरा गुस्से से लाल हो गया। उन्होंने डायरी ज़मीन पर फेंक दी। माँ रोती रहीं। रिश्तेदार बुला लिए गए। हर कोई अपनी-अपनी राय दे रहा था—"इसे किसी बाबा के पास ले जाओ…", "डॉक्टर को दिखाओ…", "अभी उम्र है, ठीक हो जाएगा…"। उस पूरे कमरे में केवल एक व्यक्ति ऐसा था जिससे किसी ने कुछ नहीं पूछा, और वह था—आरव।
रात बहुत बड़ी थी। घर में सन्नाटा था लेकिन उस सन्नाटे से ज़्यादा शोर उसके भीतर था। आधी रात के बाद पिता उसके कमरे में आए। उनकी आवाज़ कठोर थी—"अगर तुम्हें इसी तरह जीना है तो इस घर में तुम्हारे लिए कोई जगह नहीं है। हमारे लिए तुम आज से मर चुके हो।"
यह सुनकर आरव ने कोई बहस नहीं की। उसने केवल अपनी पुरानी डायरी, कुछ किताबें, दो जोड़ी कपड़े और माँ की वह तस्वीर बैग में रखी जिसमें वह उसे बचपन में गोद में लिए मुस्कुरा रही थीं। सुबह होने से पहले वह घर से निकल चुका था। पीछे मुड़कर उसने केवल एक बार अपने घर को देखा। उस घर में उसका बचपन था, उसकी माँ थीं, उसकी यादें थीं… लेकिन अब उसके लिए वहाँ कोई जगह नहीं थी।
दिल्ली पहुँचने वाली ट्रेन में वह पूरी रात जागता रहा। प्लेटफ़ॉर्म पर उतरते ही उसे पहली बार महसूस हुआ कि लाखों लोगों के बीच भी इंसान कितना अकेला हो सकता है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की भीड़ में हर कोई कहीं पहुँचने की जल्दी में था लेकिन उसके पास तो पहुँचने के लिए कोई जगह ही नहीं थी। अगले दो दिन उसने स्टेशन के वेटिंग हॉल, पार्कों और गुरुद्वारे में बिताए। जेब में बहुत कम पैसे बचे थे। हर खर्च सोच-समझकर करना पड़ रहा था।
उसने कई जगह किराए पर कमरा ढूँढ़ने की कोशिश की। मकान मालिक पहले मुस्कुराकर बात करते, लेकिन जैसे ही उसकी पहचान और उसके बारे में थोड़ा-बहुत पता चलता, उनका व्यवहार बदल जाता।
"माफ़ करना, कमरा अभी किसी और को दे दिया।"
"पर अभी तो आपने कहा था खाली है…"
"अब नहीं है।"
यह झूठ वह कई बार सुन चुका था। धीरे-धीरे उसे समझ आने लगा कि असली समस्या कमरे की नहीं, उसकी पहचान की थी।
नौकरी की तलाश भी आसान नहीं थी। उसने दुकानों, कॉल सेंटरों, निजी दफ़्तरों और कई संस्थानों में चक्कर लगाये। इंटरव्यू तक सब ठीक रहता लेकिन दस्तावेज़ों और पहचान से जुड़े सवाल आते ही माहौल बदल जाता। कुछ लोग सीधे मना कर देते, कुछ कहते—"हम आपको बाद में बताएँगे।" वह "बाद" कभी नहीं आया।
एक दिन वह एक सरकारी पुस्तकालय में बैठा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वहीं उसकी मुलाकात एक सामाजिक कार्यकर्ता से हुई। उन्होंने आरव की उदासी देखी और बातचीत शुरू की। पूरी कहानी सुनने के बाद उन्होंने शांत स्वर में कहा—
"दिल्ली में एक ट्रांसजेंडर समुदाय है। वहाँ कई लोग ऐसे ही हालात से गुज़रे हैं। अगर चाहो तो कुछ दिन वहाँ रह सकते हो।"
उसी शाम आरव पहली बार उस बस्ती में पहुँचा, जिसे लोग प्यार से "किन्नर-बस्ती" कहते थे। वहाँ छोटे-छोटे कमरे थे, साधारण जीवन था, आर्थिक तंगी थी लेकिन एक चीज़ बहुत अलग थी— किसी की नज़र में सवाल नहीं था। पहली बार किसी ने उससे उसका अतीत नहीं पूछा। केवल इतना पूछा—
"भूख लगी है?"
आरव की आँखें भर आईं। शायद कई दिनों बाद किसी ने उससे यह सवाल पूछा था।
धीरे-धीरे वह उसी बस्ती का हिस्सा बन गया। वहाँ अलग-अलग राज्यों से आए ट्रांसजेंडर लोग रहते थे। कोई परिवार से निकाला गया था, कोई पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर हुआ था, कोई नौकरी न मिलने से टूट चुका था। हर चेहरे की कहानी अलग थी लेकिन सबका दर्द लगभग एक जैसा था।
आरव ने तय किया कि वह हार नहीं मानेगा। दिन में वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता, शाम को बच्चों को पढ़ाता और रात में समुदाय के लोगों की सरकारी फ़ॉर्म भरने, पहचान-पत्र बनवाने और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं की जानकारी जुटाने में मदद करता। उसकी पढ़ाई काम आने लगी। लोग उसे सम्मान देने लगे।
कुछ ही महीनों में विवेक बस्ती के लोग किसी भी सरकारी सूचना या अधिकार से जुड़ा सवाल लेकर सबसे पहले आरव के पास आते। वह भारतीय संविधान के अनुच्छेद पढ़ता, न्यायालयों के निर्णयों को समझता और सरल भाषा में सबको समझाता।
वह अक्सर कहता—
"हम किसी से ज़्यादा अधिकार नहीं माँग रहे। हम केवल वही अधिकार चाहते हैं जो इस देश का संविधान हर नागरिक को देता है।"
उसकी बातों में गुस्सा कम और उम्मीद ज़्यादा होती थी। शायद इसी वजह से लोग उससे जुड़ते चले गए।
इसी दौरान उसकी मुलाकात कई ऐसे युवाओं से हुई जिन्होंने घर छोड़ने के बाद पढ़ाई हमेशा के लिए छोड़ दी थी। आरव ने रात में निःशुल्क पढ़ाई शुरू कर दी। कोई दसवीं की तैयारी करता, कोई बारहवीं की तो कोई प्रतियोगी परीक्षा का सपना देखता। छोटे-से कमरे में बैठकर पढ़ते हुए वे लोग पहली बार अपने भविष्य की बात करने लगे।
लेकिन समाज का व्यवहार अब भी वैसा ही था।
एक दिन बस्ती की एक बुज़ुर्ग ट्रांस महिला गंभीर रूप से बीमार हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इलाज शुरू होने से पहले उनके साथ ऐसा व्यवहार हुआ कि आरव भीतर तक हिल गया। वहाँ मौजूद कुछ लोग उनकी बीमारी से ज़्यादा उनकी पहचान पर टिप्पणी कर रहे थे। उस दिन लौटते समय आरव ने बहुत देर तक किसी से बात नहीं की।
रात को उसने अपनी डायरी में लिखा—
"दर्द बीमारी से कम था, लोगों की नज़रों से ज़्यादा था। शायद सबसे गहरा घाव वही होता है जो शरीर पर नहीं सम्मान पर लगता है।"
धीरे-धीरे आरव की पहचान एक ऐसे युवक के रूप में बनने लगी जो अपने समुदाय के लोगों को अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा था। कई सामाजिक संगठन उसे बैठकों में बुलाने लगे। वह मंच पर खड़े होकर कभी सरकार के खिलाफ नारे नहीं लगाता था। वह केवल एक बात दोहराता था—
"हमें सुनिए। हमारे बारे में फैसला करने से पहले हमसे बात कीजिए।"
सन् 2026 की शुरुआत होते-होते किन्नर-बस्ती में एक नई ख़बर फैलने लगी। मोबाइल फ़ोन पर संदेश आने लगे। बैठकों में कानाफूसी बढ़ गई। समाचार चैनलों और अख़बारों में ट्रांसजेंडर अधिकारों से जुड़े प्रस्तावित संशोधनों की चर्चा होने लगी। समुदाय के कई लोगों को डर था कि यदि प्रस्तावित बदलाव लागू हुए, तो उनकी कानूनी पहचान, सरकारी दस्तावेज़ों और रोज़मर्रा के जीवन पर असर पड़ सकता है।
उस रात किन्नर-बस्ती के छोटे-से सामुदायिक हॉल में असाधारण बैठक बुलाई गई। कमरे में बैठे हर व्यक्ति के चेहरे पर चिंता साफ़ दिखाई दे रही थी। किसी ने धीमी आवाज़ में कहा—
"अगर हमारी बात किसी ने नहीं सुनी… तो क्या हम फिर से वहीं लौट जाएँगे, जहाँ से इतनी मुश्किल से बाहर निकले थे?"
पूरा कमरा एकदम शांत हो गया।
आरव ने सबकी ओर देखा। उसने गहरी साँस ली। उसे महसूस हो रहा था कि उसकी ज़िंदगी अब केवल उसकी अपनी नहीं रह गई थी। आने वाले दिनों में उसे केवल अपने लिए नहीं, बल्कि उन सैकड़ों लोगों के लिए भी खड़ा होना होगा, जिनकी आवाज़ अक्सर भीड़ के शोर में दबा दी जाती थी। और शायद… यही उसकी असली परीक्षा की शुरुआत थी।
मार्च 2026 की एक सुबह थी। किन्नर-बस्ती की गलियों में हमेशा की तरह चाय की खुशबू तो थी लेकिन लोगों के चेहरों पर मुस्कान नहीं थी। हर किसी के हाथ में मोबाइल था। समाचार चैनलों की बहसें, सोशल मीडिया की पोस्ट और समाचार वेबसाइटों की सुर्खियाँ एक ही विषय पर थीं। ट्रांसजेंडर अधिकारों से जुड़े प्रस्तावित संशोधनों को लेकर पूरे समुदाय में चिंता बढ़ती जा रही थी। कुछ लोगों को डर था कि यदि पहचान से जुड़ी प्रक्रिया अधिक जटिल हो गई या आत्म-पहचान के अधिकार पर असर पड़ा तो उन्हें फिर से अपनी पहचान साबित करने के लिए दूसरों के सामने खड़ा होना पड़ेगा। आरव ने कई लोगों की आँखों में वही डर देखा, जो उसने वर्षों पहले अपने घर के आईने के सामने देखा था।
उस शाम बस्ती के छोटे से सामुदायिक हॉल में बैठक रखी गई। कमरे में लगभग सौ लोग बैठे थे। कोई कॉलेज का छात्र था, कोई सिलाई का काम करता था, कोई छोटी-सी नौकरी में था और कोई अभी भी रोज़गार की तलाश में भटक रहा था। सबकी कहानियाँ अलग-अलग थीं लेकिन चिंता एक ही थी। कोई कह रहा था— "अगर हमारी पहचान पर फिर सवाल उठे, तो नौकरी कौन देगा?" दूसरा बोला, "दस्तावेज़ बनवाने में पहले ही कितनी मुश्किलें आती हैं। अगर नियम और कठिन हो गए तो हम कहाँ जाएँगे?" एक बुज़ुर्ग ट्रांस महिला ने काँपती आवाज़ में कहा, "हमने पूरी ज़िंदगी अपने होने को साबित करते हुए गुज़ार दी। अब बुढ़ापे में फिर से वही लड़ाई नहीं लड़ सकते।"
कमरे में कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया। सबकी नज़रें आरव पर टिक गईं। वह धीरे-धीरे खड़ा हुआ। उसकी आवाज़ ऊँची नहीं थी लेकिन उसमें विश्वास था।
"हम किसी से लड़ने नहीं जा रहे। हम किसी सरकार के दुश्मन नहीं हैं। हम केवल यह चाहते हैं कि हमारे बारे में जो भी फैसला हो, उसमें हमारी बात भी सुनी जाए। हमारा जीवन किताबों में लिखे शब्दों से नहीं, रोज़ की वास्तविकताओं से चलता है।"
कमरे में पहली बार तालियाँ बजीं।
दो दिन बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया गया। देश के अलग-अलग राज्यों से लोग आने लगे। कोई ट्रेन से आया तो कोई बस से। किसी के पास बैग था तो किसी के पास सिर्फ एक कपड़े का झोला। लेकिन हर किसी की आँखों में एक उम्मीद की किरण थी कि शायद इस बार उनकी आवाज़ सुनी जाएगी।
आरव भी सुबह-सुबह अपनी किन्नर-बस्ती से निकला। उसके बैग में पानी की बोतल, कुछ बिस्कुट और उसकी पुरानी डायरी थी। वही डायरी जिसने कभी उसे घर से बेघर कर दिया था। ऑटो की खिड़की से बाहर देखते हुए उसे अपना गाँव याद आया। माँ का चेहरा याद आया। पिता की कठोर आवाज़ भी याद आई। उसने आँखें बंद कर लीं।
जंतर-मंतर पहुँचते ही उसने देखा कि वहाँ केवल ट्रांसजेंडर समुदाय ही नही बल्कि कई छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता, वकील और आम नागरिक भी मौजूद थे। कोई संविधान की प्रस्तावना पढ़ रहा था। कोई हाथ में पोस्टर लिए खड़ा था, जिस पर लिखा था—
"नहीं किसी से भीख मांगते, हम अपना अधिकार मांगते ।"
एक दूसरे पोस्टर पर लिखा था—
"हम भी इंसान हैं!" — "सम्मान हमारी शान है!"
नारे लग रहे थे, लेकिन उनमें गुस्से से ज़्यादा दर्द था।
"आजादी… आजादी…"
"हम लेके रहेंगे, आजादी…"
"हम भी इसी देश के नागरिक हैं, सम्मान करो, सम्मान करो…"
आरव भीड़ में खड़ा था लेकिन उसे लग रहा था जैसे वह अकेला नहीं रहा। वर्षों बाद उसने इतने लोगों को देखा जो अपनी पहचान छिपाकर नहीं बल्कि सिर उठाकर खड़े थे।
दोपहर तक मीडिया भी पहुँच गया। एक पत्रकार ने माइक आरव की ओर बढ़ाया।
"आप यहाँ क्यों आए हैं?"
आरव कुछ क्षण चुप रहा। फिर उसने कहा—
"मैं यहाँ किसी विशेष अधिकार की माँग करने नहीं आया हूँ। मैं केवल इतना चाहता हूँ कि मेरी पहचान पर भरोसा किया जाए। जब एक नागरिक अपनी बात स्वयं बता सकता है, तो उसे बार-बार दूसरों के सामने अपने अस्तित्व का प्रमाण क्यों देना पड़े? कानून यदि हमारे लिए बने, तो उसमें हमारी बात भी सुनी जानी चाहिए।"
उसका यह छोटा-सा बयान कई लोगों के मोबाइल फ़ोन पर रिकॉर्ड हो गया।
शाम होते-होते मौसम बदल गया। काले बादल घिर आए। कुछ ही देर में तेज़ बारिश शुरू हो गई। लोग भीगने लगे। कई लोग छत की ओर भागे, लेकिन अधिकांश वहीं डटे रहे। बारिश की बूँदें पोस्टरों पर गिर रही थीं। पोस्टर भी भीग गये थे लेकिन उन पर लिखे शब्द अब भी साफ़-साफ़ पढ़े जा सकते थे।
आरव बारिश में भीगता हुआ आसमान की ओर देखने लगा। उसे याद आया कि बचपन में गाँव में बारिश होने पर वह आँगन में नाचता था और अराव की माँ उसे हँसते हुए अंदर बुला लेती थीं। आज वही बारिश थी लेकिन जीवन कितना बदल चुका था।
अचानक उसकी नज़र भीड़ में एक परिचित चेहरे पर पड़ी।
वह आदित्य था। उसका वही दोस्त।
दोनों की आँखें मिलीं। कई वर्षों का मौन बस कुछ ही पलों में सिमट कर खत्म हो गया। आदित्य धीरे-धीरे उसके पास आया।
"कैसे हो, आरव तुम?"
आरव हल्का-सा मुस्कुराया।
"जी रहा हूँ यार।"
आदित्य की आँखें नम थीं।
"मुझे माफ़ कर देना। उस समय मैं तुम्हारे साथ खड़ा नहीं हो पाया। मैं डर गया था… समाज से… परिवार से… दुनिया से।"
आरव ने कुछ पल उसे देखा। फिर बोला—
"मैंने तुम्हें बहुत पहले माफ़ कर दिया था। क्योंकि उस समय हम दोनों में से कोई भी आज़ाद नहीं था।"
दोनों चुप रहे। बारिश तेज हो रही थी लेकिन अब दोनों के बीच वह दूरी नहीं थी जो वर्षों पहले थी।
धरना-प्रदर्शन समाप्त होने लगा। कोई जीत का ऐलान नहीं हुआ। कोई बडा चमत्कार नहीं हुआ। अपनी मांगो को लेकर अगले दिन भी संघर्ष चलता रहा। लेकिन उस दिन एक चीज़ ज़रूर बदल गई थी— लोगों ने उन्हें देखा, उनके दर्द को महसूस किया और उनकी कहानियाँ सुनीं।
कुछ महीनों बाद आरव फिर-से अपनी पुरानी दिनचर्या में लौट आया। वह बच्चों को पढ़ाता, लोगों की सरकारी योजनाओं में मदद करता और नई पीढ़ी को यही समझाता कि शिक्षा किसी भी लड़ाई का सबसे मजबूत हथियार है। आरव संविधान निर्माता डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर के उस अमर विचार से गहराई से प्रभावित था— "शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो इसे पीएगा, वह दहाड़ना सीख जाएगा।"
एक दिन एक सोलह-सत्रह साल का लड़का उसके पास आया। उसकी आँखों में वही डर था जो कभी बचपन में आरव की आँखों में था।
उसने धीमे से पूछा—
"भैया… मुझे अलग-सा महसूस होता है अगर मैं सबसे अलग हूँ… तो क्या मैं गलत हूँ?"
आरव कुछ क्षण शांत रहा। फिर उसने उसके कंधे पर हाथ रखा और मुस्कुराकर कहा—
"नहीं। अलग होना गलती नहीं होती। गलती तब होती है जब समाज किसी इंसान को केवल इसलिए छोटा समझने लगे क्योंकि वह दूसरों जैसा नहीं है।"
ये सुनकर छोटे लड़के की आँखों से आँसू आ गये।
आरव ने उसकी हथेली अपने हाथ में लेते हुए कहा—
"अपनी पहचान से कभी मत भागना। दुनिया को तुम्हें समझने में समय जरूर लग सकता है लेकिन जीवन में सबसे ज़रूरी यही है कि तुम खुद को कभी मत छोड़ना।"
उस शाम वह फिर अपनी डायरी लेकर बैठा। उसने आख़िरी पन्ने पर लिखा—
"मैंने ज़िंदगी से कभी किसी महल की माँग नहीं की। मैंने केवल इतना चाहा कि जब कोई मुझसे पूछे—'तुम कौन हो?'—तो मैं बिना डरे अपना परिचय दे सकूँ, अपनी पहचान नि:संकोच बता सकूँ। यही है मेरे हिस्से की आज़ादी।"
अराव के हाथों में डायरी बंद करते समय उसके चेहरे पर एक हल्की-सी मुस्कान थी। आज फिर-से हल्की बारिश शुरू हो चुकी थी पर इस बार उसे इस बारिश में कोई अकेलापन नहीं महसूस हो रहा था। उसे ऐसा लग रहा था कि बारिश की हर गिरती हुई बूँद उससे कह रही है—
"अगर समाज मुझे स्वीकार करने में देर कर रहा है, तो इसका मतलब यह नहीं कि मैं गलत हूँ, शायद समाज को अभी सीखना बाकी है।"
और यही सुधार किसी भी समाज की सबसे बड़ी जीत होगी।

Author Image

About the Author

Satendra is a writer, engineer, and panchayat assistant from Uttar Pradesh, India. They have authored several books and share their work with readers through The Poetic Land.

📍 India

Love this story?

Facebook
X
LinkedIn
WhatsApp
Threads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *